

Palamu News: पलामू में दीपावली और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। त्योहारों के दौरान किसी तरह की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए एसपी कपिल चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है।
बैठक में एसपी ने जिले में बढ़ते अपराध, लंबित मामलों, पुलिस गश्ती और अनुसंधान कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
एसपी ने हत्या, लूट, डकैती, महिला उत्पीड़न और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े लंबित मामलों का जल्द निष्पादन करने को कहा। साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित वारंट व कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने का निर्देश दिया।
अब बात त्योहारों की सुरक्षा की। दीपावली के दौरान बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख प्रतिष्ठानों में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाएगी। नियमित गश्ती के साथ वाहन जांच भी तेज की जाएगी।
वहीं, छठ महापर्व को देखते हुए सभी छठ घाटों और तालाबों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस खतरनाक और गहरे पानी वाले घाटों को चिह्नित करेगी, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए समय रहते जरूरी इंतजाम किए जा सकें।
इसके अलावा घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने और जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार रखने की हिदायत दी। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों पर भी नजर रखने को कहा गया है।
बैठक के अंत में एसपी ने साफ किया कि सभी निर्देशों का समय सीमा के भीतर पालन करना होगा। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।


