बरसात की फुहारों के बीच नेतरहाट बना झारखंड का कश्मीर

मानसून की फुहारों से नेतरहाट की वादियां खिल उठीं। ठंडी हवाओं, कोहरे और हरियाली ने इसे झारखंड का कश्मीर बना दिया, पर्यटकों की बढ़ती भीड़ से बाजार गुलजार हुए।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
  • ठंडी हवाओं और कोहरे ने बढ़ाई खूबसूरती
    पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा, बाजारों में दिखी चहल-पहल

महुआडांड़ : मानसून की हल्की-हल्की फुहारों ने झारखंड की शान नेतरहाट को एक बार फिर स्वर्ग में तब्दील कर दिया है। पहाड़ियों पर छाए बादल, ठंडी-ठंडी हवाएं और हरियाली से लिपटी वादियां देखकर ऐसा लग रहा है मानो कश्मीर का कोई नजारा यहां उतर आया हो।

मौसम के बदलते ही नेतरहाट का तापमान अचानक गिर गया है। सुबह-शाम की ठंडक और दिन में रिमझिम बारिश ने पूरे क्षेत्र को बेहद सुहावना बना दिया है। इसी वजह से अब हर दिन सैकड़ों पर्यटक नेतरहाट का दीदार करने पहुंच रहे हैं।

मौसम सुहावना होते ही नेतरहाट के होटल, रिसॉर्ट और बाजारों में रौनक लौट आई है। सनसेट प्वाइंट, मैग्नोलिया प्वाइंट और कोयल व्यू प्वाइंट पर पर्यटकों की भीड़ सुबह से शाम तक देखी जा रही है। युवा, परिवार और फोटोग्राफर सभी बादलों और कोहरे के बीच सेल्फी और रील बनाने में व्यस्त हैं।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। चाय, पकौड़े, गर्म कपड़े और स्थानीय हस्तशिल्प की बिक्री तेजी से बढ़ी है। स्थानीय दुकानदार राजू प्रसाद ने कहा बरसात शुरू होते ही पर्यटक बढ़ गए हैं। दो महीने से मंदा पड़ा बाजार फिर से गुलजार हो गया है। उम्मीद है पूरा सीजन अच्छा जाएगा।

इधर, बारिश के बाद नेतरहाट की घाटियां और जंगल और भी हरे-भरे हो गए हैं। दूर-दूर तक फैले देवदार के पेड़, कोहरे से ढकी पहाड़ियां और झरनों की कल-कल आवाज पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक हल्की बारिश और ठंडा मौसम बना रहने की संभावना है।

netarhat-jharkhand-kashmir-monsoon-rain-tourist-crowd

कोलकाता से अपने परिवार के साथ आए शिवम पांडेय ने कहा कि नेतरहाट की खूबसूरती देखकर हम हैरान रह गए। यहां का मौसम बिल्कुल शिमला-कश्मीर जैसा लग रहा है। ठंडी हवा, कोहरा और हरी-भरी वादियां… बहुत शानदार अनुभव है।वहीं बिहार से आए अनिकेत कुमार ने कहा पहली बार नेतरहाट आया हूं।

सोशल मीडिया पर फोटो देखकर आया था, लेकिन असल में यहां उससे भी ज्यादा खूबसूरत है। हल्की बारिश में पहाड़ों का नजारा लाजवाब है। हर किसी को यहां एक बार जरूर आना चाहिए।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।