देवघर: राजकीय श्रावणी मेला 2026 में इस बार श्रद्धालुओं को आस्था के साथ आधुनिक तकनीक का भी अनोखा अनुभव मिलेगा। मेले को और भव्य बनाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से शिवलोक परिसर में शानदार ड्रोन शो आयोजित किया जा रहा है। गुरुवार (30 जुलाई) शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस विशेष आयोजन में सैकड़ों ड्रोन आसमान में उड़ान भरकर भगवान शिव, बाबा बैद्यनाथ धाम और श्रावणी मेले से जुड़ी दिव्य एवं आध्यात्मिक आकृतियां उकेरेंगे। इस अद्भुत दृश्य का आनंद मंदिर परिसर से लगभग पांच किलोमीटर के दायरे तक लिया जा सकेगा।
आस्था के साथ तकनीक का अनूठा अनुभव
इस बार श्रद्धालुओं को ऐसा नजारा देखने को मिलेगा, जहां अत्याधुनिक ड्रोन तकनीक के जरिए आसमान में महादेव की भव्य छवि और श्रावणी मेले से जुड़ी धार्मिक झलकियां साकार होती नजर आएंगी। पर्यटन विभाग का उद्देश्य देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक माहौल के साथ विश्वस्तरीय आयोजन का अनुभव कराना है। मेले की आकर्षण बढ़ाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से अत्याधुनिक लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन किया जाएगा। लेजर लाइट शो श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण रहेगा, जबकि लाइट एंड साउंड शो के जरिए देवघर और बाबा बैद्यनाथ मंदिर के पौराणिक एवं ऐतिहासिक महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
श्रद्धालुओं के लिए रहेगा यादगार आयोजन
राजकीय श्रावणी मेला 2026 में इस बार धार्मिक आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि ड्रोन शो, लेजर लाइट शो और लाइट एंड साउंड शो से मेले की भव्यता कई गुना बढ़ेगी। साथ ही बाबा नगरी पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए यह अनुभव लंबे समय तक यादगार बना रहेगा।

