आवाडा समूह ने 2,150 मेगावाट की परियोजनाओं के लिए जुटाए 1.3 अरब डॉलर

आवाडा समूह ने गुजरात और महाराष्ट्र में 2,150 मेगावाट नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 1.3 अरब डॉलर का वित्तपोषण हासिल किया। इसमें हाइब्रिड और सौर ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: आवाडा समूह ने गुजरात और महाराष्ट्र में 2,150 मेगावाट की अपनी नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 1.3 अरब डॉलर की वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित कर ली है। कंपनी ने शुक्रवार को बयान में कहा कि भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), आरईसी लिमिटेड और केनरा बैंक सहित भारतीय वित्तीय संस्थानों ने चार विशेष प्रयोजन इकाइयों (एसपीवी) के माध्यम से इस वित्तपोषण को मंजूरी दी है। इसमें 1.35 गीगावाट (1,350 मेगावाट) की हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं और 800 मेगावाट की यूटिलिटी स्तर की सौर ऊर्जा परियोजनाएं शामिल हैं। इनका विकास महाराष्ट्र राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमएसईडीसीएल) और गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (जीयूवीएनएल) जैसी प्रमुख राज्य बिजली वितरण कंपनियों के लिए किया जा रहा है।

इन परियोजनाओं के तहत गुजरात और महाराष्ट्र के विभिन्न स्थानों पर 3,000 मेगावाट से अधिक सौर ऊर्जा क्षमता और 450 मेगावाट पवन ऊर्जा क्षमता विकसित की जाएगी। कंपनी ने कहा कि इस स्तर का वित्तपोषण और देश के प्रमुख वित्तीय संस्थानों की भागीदारी आवाडा समूह के कामकाज, अनुशासित परियोजना क्रियान्वयन, परिसंपत्तियों की मजबूत गुणवत्ता और दीर्घकालिक वृद्धि रणनीति पर वित्तीय संस्थानों के भरोसे को दर्शाती है।

आवाडा समूह के चेयरमैन विनीत मित्तल ने कहा, ‘‘ रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इन नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 1.3 अरब डॉलर से अधिक की वित्तीय व्यवस्था सुनिश्चित होना आवाडा समूह के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमारी हाइब्रिड परियोजनाओं को बिजली आपूर्ति की विश्वसनीयता और ग्रिड की स्थिरता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है जबकि हमारी सौर परियोजनाएं महाराष्ट्र और गुजरात को दीर्घकालिक बिजली खरीद समझौतों के तहत किफायती स्वच्छ बिजली उपलब्ध कराएंगी।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।