जेलेंस्की ने ‘स्टारलिंक’ के इस्तेमाल पर मस्क की सहमति के लिए ट्रंप से मदद मांगी

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने ट्रंप से रूस के भीतर हमलों के लिए स्टारलिंक के उपयोग की अनुमति दिलाने में मदद मांगी, जबकि यूक्रेन वैकल्पिक रक्षा रणनीतियों की तलाश में जुटा है।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

वाशिंगटन: यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे रूस के आंतरिक हिस्सों में हमले करने के लिए प्रौद्योगिकी उद्यमी एलन मस्क की उपग्रह संचार प्रणाली ‘स्टारलिंक’ के उपयोग की अनुमति दिलाने में मदद करें।
‘स्टारलिंक’ के व्यापक उपयोग की यह मांग ऐसे समय में सामने आई है, जब जेलेंस्की यूक्रेन पर रूस के लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों का मुकाबला करने के लिए अमेरिकी ‘पैट्रियट’ वायु रक्षा प्रणालियों की कमी की भरपाई के वैकल्पिक उपाय तलाश रहे हैं।
अमेरिका और इजराइल के ईरान के साथ जारी संघर्ष के कारण इन ‘इंटरसेप्टर’ मिसाइलों की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप ने शुक्रवार को यूक्रेन को इन प्रणालियों के निर्माण का लाइसेंस देने संबंधी अपनी हालिया प्रतिबद्धता से पीछे हटने के संकेत भी दिए हैं।
मामले से परिचित एक सूत्र के अनुसार, अमेरिका की संक्षिप्त यात्रा के दौरान इस सप्ताह राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय ‘ओवल ऑफिस’ में हुई बैठक में जेलेंस्की ने यह मांग सीधे ट्रंप के समक्ष रखी।
बैठक में मौजूद एक अन्य अधिकारी ने बताया कि इसके बाद जेलेंस्की ने अमेरिकी संसद परिसर ‘कैपिटल हिल’ में सांसदों से भी आग्रह किया कि रूस के आंतरिक क्षेत्रों में सटीक निशाना साधने के लिए ‘स्टारलिंक’ के उपयोग की अनुमति दिलाई जाए।
दोनों अधिकारियों ने नाम गोपनीय रखने की शर्त पर यह जानकारी दी। हालांकि, ट्रंप ने जेलेंस्की की इस मांग पर फिलहाल कोई स्पष्ट आश्वासन नहीं दिया है।
एलन मस्क ने यूक्रेन को उसकी सीमाओं के भीतर ‘स्टारलिंक’ के उपयोग की अनुमति दी हुई है, लेकिन रूस की सीमा के अंदर इस उपग्रह संचार प्रणाली के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया हुआ है।
जेलेंस्की पिछले कई सप्ताह से अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष ‘स्टारलिंक’ के व्यापक उपयोग की वकालत कर रहे हैं।
इस संबंध में अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक आवास एवं कार्यालय ‘व्हाइट हाउस’, वाशिंगटन स्थित यूक्रेनी दूतावास तथा ‘स्पेसएक्स’ (स्टारलिंक की स्वामित्व वाली कंपनी है) के अधिकारियों ने प्रतिक्रिया के अनुरोध पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

Share This Article