नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों की हत्या की घटना की कड़ी निंदा करते हुए शनिवार को कहा कि यह घृणित एवं मानवता विरोधी कृत्य है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी की। प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कुलगाम(जम्मू-कश्मीर) में हुआ कायराना आतंकी हमला अत्यंत शर्मनाक एवं निंदनीय है। ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले दो मजदूरों की पहचान पूछकर हत्या करना बेहद घृणित एवं मानवता विरोधी कृत्य है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, कम है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘पूरे देश की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आतंकियों को सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए।’’ जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों ने शुक्रवार देर शाम दक्षिण कश्मीर के केलम इलाके में स्थित ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे मजदूरों को निशाना बनाया।
कुलगाम में मजदूरों की हत्या मानवता विरोधी कृत्य: प्रियंका
कुलगाम में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की हत्या पर प्रियंका गांधी ने कड़ी निंदा की। उन्होंने इसे मानवता विरोधी कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।
