टोक्यो मेट्रोपॉलिटन इलाके क्षेत्र में आपातकाल फिर बढ़ाया गया

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

टोक्यो : जापानी प्रधानमंत्री योशीहिदे सुगा ने टोक्यो मेट्रोपॉलिटन इलाके में अपातकाल की अवधि जनवरी से लेकर अब तक दूसरी बार दो सप्ताह के लिए यानी 21 मार्च तक बढ़ा दी है, क्योंकि इलाके में कोविड-19 से संक्रमण के मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सुगा ने शुक्रवार को सरकार की कोविड-19 टास्क फोर्स की एक बैठक में टोक्यो और आसपास के तीन प्रांतों कनागावा, चिबा और साइतामा में आपातकाल बढ़ाने का निर्णय लिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ये उपाय जीवन और आजीविका की रक्षा के लिए आवश्यक हैं।

जापान सरकार टोक्यो ओलंपिक और पैरालंपिक के पहले कोविड-19 के प्रकोप को नियंत्रण में लाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रही है, जिसे शुरू होने में पांच महीने से भी कम समय रह गया है।

चूंकि आपातकाल की स्थिति घोषित की गई है, इसलिए लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर की यात्राएं करने से परहेज करने और घर से काम करने का अनुरोध किया गया है।

विशेष रूप से बार और रेस्तरां प्रबंधन को कहा गया है कि वे संचालन के घंटे को कम करें और रात 8 बजे तक अपने दरवाजे बंद कर लें।

टोक्यो ने शुक्रवार को कोरोना के 301 नए मामले दर्ज किए, जिससे राजधानी में संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 112,925 हो गई।

देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 437,861 हो चुकी है, जबकि अब तक 8,211 लोग इस बीमारी के कारण दम तोड़ चुके हैं।

Share This Article