टेक्सास में भीषण गोलीबारी, एक की मौत और 10 घायल, इलाके में दहशत का माहौल

टेक्सास के मिडलैंड में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए संदिग्ध मुठभेड़ के बाद मृत मिला इलाके में अफरातफरी और सुरक्षा अभियान चला

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

न्यूयार्क : अमेरिका के टेक्सास में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हो गए। संदिग्ध हमलावर सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के बाद मृत पाया गया। यह गोलीबारी शुक्रवार सुबह वेस्ट टेक्सास के मिडलैंड में हुई। गोलीबारी की घटना की सूचना मिलने पर अधिकारी मौके पर पहुंचे लेकिन हमलावर ने उन पर घात लगाकर हमला कर दिया और साथ ही आस-पास मौजूद लोगों व आम वाहन चालकों पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं।

कई अधिकारियों को अपनी गाड़ियों की आड़ में छिपना पड़ा और उन्हें बचाने के लिए बख्तरबंद गाड़ी का इस्तेमाल करना पड़ा। गोलीबारी करने के बाद संदिग्ध हमलावर पीछे हट गया और एक बंद पड़े क्लिनिक के अंदर जाकर छिप गया। ‘टेक्सास डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक सेफ्टी’ ने आधिकारिक तौर पर बंदूकधारी की पहचान 45 वर्षीय विक्टर माटा विलेरियल के तौर पर की। जांच एजेंसी ने बताया कि वह एक भगोड़ा है, जिसकी तलाश पुलिस अधिकारी की हत्या की कोशिश के मामले में की जा रही थी।

कई एजेंसियों की एक संयुक्त टीम ने गोलीबारी के बाद आस-पास व्यवसायिक गतिविधियों पर रोक लगा दी और सुरक्षित स्थान पर जाने के आदेश लागू किए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चारों ओर अफरातफरी मच गयी, उन्होंने 40 से ज्यादा गोलियों की आवाज सुनी और भारी हथियारों से लैस सुरक्षाकर्मियों को मौके पर सुरक्षा में तैनात होते हुए देखा। कई घंटों तक जारी मुठभेड़ में संदिग्ध हमलावर क्लिनिक के अंदर मृत पाया गया।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।