रांची: रांची नगर निगम ने अवैध कब्जों और नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर बड़ी कार्रवाई की है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने वार्ड संख्या 49 स्थित मनीटोला (फिरदौस नगर, नीम चौक के पास) में लगभग 5 एकड़ सरकारी (केसरेहिंद) भूमि का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अंचल प्रशासन के साथ मिलकर भूमि की संयुक्त पैमाइश कराने और अवैध कब्जों को चरणबद्ध तरीके से हटाने का सख्त निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर कोई भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बेदखली के बाद इस जगह का उपयोग पार्क, सार्वजनिक सुविधाओं और स्थानीय नागरिकों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने वाली विकास योजनाओं में किया जाएगा। इसके अलावा नीम चौक के पास नाले और पुल पर हुए अवैध निर्माणों को भी चिह्नित कर हटाने तथा जलनिकासी व यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश दिए गए हैं।
इसी कड़ी में नगर निगम ने शहर के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र अपर बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और भवन निर्माण नियमों का पालन कराने के लिए विशेष अभियान छेड़ा है। बिना स्वीकृत भवन प्लान, पर्याप्त पार्किंग के बिना तथा गलत आधार पर ट्रेड लाइसेंस लेकर चल रही व्यावसायिक दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जा रहे हैं।
कर संग्रहण एजेंसी ‘श्री पब्लिकेशन एंड स्टेशनर्स’ के माध्यम से ऐसी दुकानों को नोटिस थमा दिए गए हैं और उन्हें 3 दिनों के भीतर कारोबार पूरी तरह बंद करने की चेतावनी दी गई है। निर्धारित समय के बाद भी संचालन जारी पाए जाने पर दुकानों को सील करने समेत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

