अपना दर्शक वर्ग और अपनी राह खुद बनाना चाहती हूं: महिमा मकवाना

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई : अभिनेत्री महिमा मकवाना का कहना है कि हर कलाकार को आखिरकार अपना दर्शक वर्ग खुद बनाना पड़ता है और नेटफ्लिक्स की नयी सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ उनके उसी सफर की एक और अहम कड़ी है, जिसे वह अपनी शर्तों पर आगे बढ़ाना चाहती हैं। महिमा (26) ने कहा कि मनोरंजन जगत की अनिश्चितताओं ने उन्हें धैर्य रखना और लगातार प्रयास करते रहना सिखाया है।

‘मिले जब हम तुम’ और ‘बालिका वधू’ जैसे धारावाहिकों में बाल कलाकार के रूप में पहचान बनाने वाली महिमा ने बाद में सलमान खान की फिल्म ‘अंतिम: द फाइनल ट्रुथ’ से हिंदी फिल्मों में कदम रखा। इसके बाद वह फिल्म ‘तुमसे ना हो पाएगा’ और वेब सीरीज ‘शोटाइम’ का भी हिस्सा रहीं। महिमा ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि अगर मैं यह कर सकती हूं तो कोई भी कर सकता है। सपने देखना और खुद पर भरोसा रखना सबसे अहम है। मैं हमेशा उनकी आभारी रहूंगी, जिन लोगों ने मुझमें क्षमता देखी। साथ ही, इस उद्योग में आगे बढ़ने के लिए धैर्य और लगातार प्रयास की जरूरत होती है।’’

महिमा ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इस सफर में आप लगातार सीखते हैं, पुरानी बातें भूल जाते हैं, नयी चीजों को समझते हैं और आप अपना खुद का मुकाम बनाते हैं। मैं यहां अपना दर्शक वर्ग और रास्ता खुद बनाने के लिए आई हूं, और इसी तरह मैं अपना सफर तय कर रही हूं।’’ इन दिनों नेटफ्लिक्स पर प्रसारित हो रही सीरीज ‘मुसाफिर कैफे’ में महिमा मकवाना ने प्रीति का किरदार निभाया है, जिसकी जिंदगी अतीत और वर्तमान के रिश्तों के बीच उलझे चंदर (विक्रांत मैसी) से जुड़ जाती है।
दिव्य प्रकाश दुबे के चर्चित उपन्यास पर आधारित इस सीरीज में वेदिका पिंटो भी अहम भूमिका में हैं। इसका निर्माण और लेखन शरण्या राजगोपाल ने किया है, जबकि निर्देशन रुचिर अरुण ने किया है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।