बारिश ने खोली विकास की पोल! महुआडांड़ की यह सड़क बनी ‘मौत का रास्ता’, हर दिन हादसे का खतरा

लातेहार के महुआडांड़ में दम्हा टोला से जेठवा बृज्या के घर तक जर्जर सड़क से ग्रामीण परेशान हैं। लोगों ने पीसीसी सड़क निर्माण की मांग तेज कर दी है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

लातेहार: महुआडांड़ प्रखंड के दुरूप पंचायत अंतर्गत दम्हा टोला से जेठवा बृज्या के घर तक जाने वाली कच्ची सड़क इन दिनों ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गई है। बरसात शुरू होते ही सड़क पूरी तरह कीचड़ और गहरे गड्ढों से भर गई है, जिससे इस रास्ते पर सफर करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। इस मार्ग से रोजाना आने-जाने वाले बाइक और सवारी वाहन चालकों का कहना है कि फिसलन इतनी ज्यादा है कि वाहन पर नियंत्रण बनाए रखना मुश्किल हो जाता है। हल्की सी चूक भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है और कई बार वाहन अचानक फिसलकर पलट जाते हैं।

ग्रामीणों के अनुसार  पिछले एक महीने के दौरान इस सड़क पर कई बाइक चालक गिरकर घायल हो चुके हैं। हालात ऐसे हैं कि स्कूली बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी इस रास्ते से गुजरने में डर महसूस करती हैं। सड़क की बदहाल स्थिति से नाराज ग्रामीण जब्बार अंसारी, लाल चंद बृज्या, अरविंद बृज्या, कुलदीप मुंडा, जमुना मुंडा और नंदेश्वर यादव समेत दर्जनों लोगों ने जिला प्रशासन से जल्द सड़क निर्माण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता सैकड़ों परिवारों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। बरसात के दिनों में किसी मरीज को अस्पताल तक पहुंचाना भी बेहद मुश्किल हो जाता है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दम्हा टोला से जेठवा बृज्या के घर तक पीसीसी सड़क का निर्माण जल्द कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

 

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।