
Bokaro News : बोकारो जिले के जरीडीह थाना क्षेत्र के भस्की पंचायत स्थित योगीडीह गांव में सोमवार शाम धान रोपनी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से पांच महिलाएं घायल हो गईं। घटना के बाद खेत में काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने सभी घायलों को तुरंत जैनामोड़ रेफरल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, महिलाएं खेत में धान की रोपाई कर रही थीं। इसी दौरान मौसम अचानक बदल गया और तेज बारिश के बीच वज्रपात हो गया। इसकी चपेट में आकर शुकरमुनी देवी (40), कविता कुमारी (27), सुनीता कुमारी (18), सकरमनी देवी (50) और बेलमुनि देवी (50) घायल हो गईं।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया और सभी महिलाओं को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जैनामोड़ रेफरल अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर दिया गया है। सभी की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं। फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।

