
सिस्टम को दुरुस्त करने की मांग, आंदोलनरत छात्रों को लोगों का मिल रहा समर्थन
खाने और पीने का भेज रहे सामान, डेली यूज का जरूरी सामान भी कराया जा रहा उपलब्ध
रांची : 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द करने की मांग को लेकर रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में उम्मीदवारों का आंदोलन 11वें दिन भी जारी रहा। परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ छात्र बिना किसी शोर-शराबे के तपती धूप और बारिश के बीच डटे हुए हैं। इस आंदोलन की सबसे खास बात इसका गैर-राजनीतिक और अनुशासित स्वरूप है। छात्रों ने राजनीतिक दलों को मंच का इस्तेमाल करने से साफ इनकार कर दिया है, जिससे इस आंदोलन को व्यापक जनसमर्थन और एक अलग पहचान मिल रही है। इतना ही नहीं छात्रों ने कहा है कि वे किसी भी तरह का हंगामा नहीं करेंगे।

व्यवस्था में नहीं हुआ बदलाव
छात्रों का कहना है कि पिछले कई सालों से यही व्यवस्था है। परीक्षा होती है और फिर रद्द कर दिया जाता है। केवल अधिकारी और सदस्यों पर कार्रवाई कर दी जाती है। जबकि सच्चाई ये है कि परीक्षा देने वाले मेहनत करते हैं रिजल्ट में किसी और का नाम होता है। छात्रों ने कहा कि हमारी लड़ाई सिस्टम से है। ये तबतक जारी रहेगा जबतक कि सरकार कोई सिस्टम न बना दे। जिसमें गड़बड़ियों के लिए जगह न हो।
ढोल नगाड़े के साथ समर्थन
आंदोलन को मजबूत करने के लिए रांची के आसपास के छात्र पारंपरिक ढोल-नगाड़ों के साथ स्टेडियम पहुंच रहे हैं। वहीं स्थानीय लोग छात्रों के खाने-पीने और रोजमर्रा के जरूरी सामान का इंतजाम कर रहे हैं। शुरुआत में सहायता कम पड़ने पर छात्र चूड़ा, मुरमुरा, बिस्किट और मिक्सचर खाकर दिन गुजार रहे थे, लेकिन अब शुभचिंतक अपने घरों से रोटी, पूरी और सब्जी बनाकर धरना स्थल तक पहुंचा रहे हैं। कई लोग ऑनलाइन खाना ऑर्डर कर रहे हैं। इसके लिए एक जगह निर्धारित की गई है। जहां से लोगों को खाने की चीजें उपलब्ध कराई जा रही है।

एआई से पोस्टर के कंटेंट
छात्र इस लड़ाई को पूरी तरह आत्मनिर्भर तरीके से लड़ रहे हैं और विरोध प्रदर्शन के लिए एआई की मदद से पोस्टर तैयार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों राहुल क्रांति और खुशबू कुमारी का स्पष्ट कहना है कि जब तक परीक्षा रद्द नहीं की जाती और पूरी व्यवस्था को दुरुस्त नहीं किया जाता, तब तक उनका यह शांतिपूर्ण आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हमलोग शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों और उम्मीदवारों का समर्थन मिल रहा है। बाहर से लोग हमारे लिए खाना और जरूरी सामग्री भेज रहे है।
सरकार से भी मांगा सहयोग
कुछ उम्मीदवारों का कहना है कि सरकार को भी हमारा समर्थन करना चाहिए। राहुल गांधी और हेमंत सोरेन भी हमारे साथ आकर यहां बैठे। जबकि कुछ उम्मीदवारों ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन की पुण्यतिथि पर इतना कहना है कि आपके बेटे ने सीटें बेच दी है। उन्हें कुछ सद्बुद्धि दे जिससे कि उम्मीदवारों का भविष्य बर्बाद होने से बच जाए।
सीसीटीवी से 24 घंटे निगरानी
जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों के आंदोलन की निगरानी को लेकर सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है। 24 घंटे निगरानी के लिए वाई-फाई से लैस सीसीटीवी कैमरे से आंदोलनरत छात्रों की हर गतिविधि पर जिला प्रशासन नजर रख रहा है। वहीं पुलिस भी लगातार गश्त कर रही है। जिससे कि किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।


