
रांची: यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने रांची आनंद विहार टर्मिनल रांची स्पेशल ट्रेन (02877/02878) के परिचालन की अवधि बढ़ा दी है। इसके साथ ही ट्रेन के मार्ग, समय-सारिणी और ठहराव में भी बदलाव किया गया है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 02877 रांची आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल अब 8 अगस्त से 26 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को रांची से रवाना होगी। इस दौरान ट्रेन कुल 8 फेरे लगाएगी।
यह ट्रेन शनिवार को शाम 5:40 बजे रांची से खुलेगी और लोहरदगा, टोरी, डालटनगंज, गढ़वा रोड, सासाराम, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज (सूबेदारगंज), गोविंदपुरी (कानपुर) और टूंडला होते हुए रविवार शाम 6:00 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 02878 आनंद विहार टर्मिनल–रांची स्पेशल 9 अगस्त से 27 सितंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को आनंद विहार टर्मिनल से चलेगी। यह ट्रेन भी कुल 8 ट्रिप संचालित की जाएगी।
वापसी में ट्रेन रविवार शाम 7:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होकर टूंडला, गोविंदपुरी, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, सासाराम, गढ़वा रोड, डालटनगंज, टोरी और लोहरदगा होते हुए सोमवार शाम 6:35 बजे रांची पहुंचेगी।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों और छुट्टियों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान बेहतर सुविधा मिल सके।

