महुआडांड़ में 12वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस मनाया गया, स्थानीय बुनकरों को किया गया सम्मानित

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

महुआडांड़ ; स्थानीय जिला परिषद भवन डाकबंगला में शुक्रवार को 12वां राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हस्तकरघा उद्योग से जुड़े बुनकरों को प्रोत्साहित करना तथा पारंपरिक बुनाई कला के संरक्षण और संवर्धन के प्रति लोगों को जागरूक करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अंबोवाटोली की मुखिया रौशनी उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में हामी पंचायत के मुखिया प्रदीप बाबङाइक तथा रेगाई पंचायत की मुखिया भी मौजूद रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और हस्तकरघा से जुड़े कारीगरों के योगदान की सराहना की। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि हस्तकरघा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्थानीय बुनकरों के कौशल को बढ़ावा देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक बुनकरों तक पहुंचाने की भी आवश्यकता है, ताकि इस पारंपरिक कला को नई पहचान मिल सके।

कार्यक्रम का संचालन झारक्राफ्ट क्लस्टर मैनेजर मोहम्मद सैफ ने किया। उन्होंने हस्तकरघा दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए झारक्राफ्ट द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप उत्पाद तैयार कर स्थानीय बुनकर बेहतर आय अर्जित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बुनकर, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में सभी ने हस्तकरघा उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा स्थानीय कारीगरों को हर संभव सहयोग देने का संकल्प लिया।

 

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।