
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पारडीह चौक के पास एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार युवक की पहचान 21 वर्षीय सौरभ ओहरी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से ब्राउन शुगर की 38 पुड़िया और एक स्मार्टफोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त की शाम करीब 8:10 बजे पारडीह चौक और आसपास के इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पटमदा के डीएसपी के नेतृत्व में टीम बनाकर निगरानी शुरू की गई। इसी दौरान एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में सौरभ ने ब्राउन शुगर सोनारी निवासी पवन यादव से लेने की बात बताई। पुलिस उसके पुराने एनडीपीएस मामले से जुड़े होने की भी जांच कर रही है। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई जारी है। अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

