
रांची: JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर रांची में आंदोलन कर रहे छात्रों के विधानसभा घेराव के दौरान जमकर हंगामा हुआ। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच भिड़ंत हो गई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। विधानसभा के पास पहुंच चुके उग्र छात्रों को रोकेने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज प्रारंभ कर दिया। इसमें दो छात्र घायल हो गए हैं। कई अन्य घायल हो गए हैं। इसके बाद वहां अफरा तफरी की स्थिति पैदा हो गयी है। पुलिस और छात्रों के बीच तनाव भी बढ़ने लगा है।
विधानसभा घेराव को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
छात्रों के विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नए विधानसभा परिसर के 750 मीटर के दायरे में BNS की धारा 163 लागू की गई है। हालांकि, झारखंड उच्च न्यायालय को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।

