बेंगलुरु में 39 लोग गिरफ्तार, 55.80 करोड़ रु कीमत के मादक पदार्थ जब्त

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

बेंगलुरु : बेंगलुरु में 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनमें आठ विदेशी नागरिक शामिल हैं। उनके कब्जे से अनुमानत: 55.80 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई मिशन राइज के तहत चलाए जा रहे ‘बेडा ब्रो’ कार्यक्रम और बेंगलुरु सिटी पुलिस के मादक पदार्थ विरोधी अभियान के तहत की गई। बेंगलुरु सिटी पुलिस आयुक्त सीमांत कुमार सिंह ने यहां संवाददाताओं से कहा कि मिशन राइज के तहत बेंगलुरु और अन्य राज्यों दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और केरल के विभिन्न स्थानों से 55 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं।

जब्त किए गए मादक पदार्थों में एमडीएमए, हाइड्रो गांजा, कोकीन और गांजा शामिल हैं। उन्होंने कहा, “इस अभियान में 39 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें आठ विदेशी नागरिक, अन्य राज्यों के 21 लोग और 10 स्थानीय लोग शामिल हैं। यह सिटी पुलिस की 16 इकाइयों, जिसमें सीसीबी भी शामिल है, द्वारा चलाया गया एक बड़ा अभियान है।” पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान 39 आरोपियों ने जांचकर्ताओं को बताया कि वे विदेश, अन्य राज्यों और कर्नाटक के भीतर अज्ञात आपूर्तिकर्ताओं से कम कीमत पर प्रतिबंधित मादक पदार्थ खरीदते थे और जल्दी मुनाफा कमाने के लिए उन्हें आम लोगों और कॉलेज के छात्रों को ऊंची कीमतों पर बेचते थे।

पुलिस आयुक्त कार्यालय ने एक बयान में कहा कि जब्त किए गए मादक पदार्थों में 21 किलोग्राम 641 ग्राम एमडीएमए, 738 ग्राम कोकीन, चार किलोग्राम 493 ग्राम हाइड्रो गांजा, 184 किलोग्राम 625 ग्राम गांजा, एक किलोग्राम 65 ग्राम अफीम और 25 ग्राम मॉर्फिन शामिल हैं। इसके अलावा 17 लाख रुपये नकद, 22 मोबाइल फोन और पांच दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अलग-अलग तारीखों पर अदालतों में पेश किया गया और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपियों को कथित रूप से मादक पदार्थों की आपूर्ति करने वाले अज्ञात लोगों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।