नयी दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को हाल में कोयला ब्लॉक आवंटन मामले में उच्चतम न्यायालय से क्लीन चिट मिलने का मंगलवार को स्वागत करते हुए कहा कि उनकी ईमानदारी और जवाबदेही का रिकॉर्ड नरेन्द्र मोदी सरकार के कामकाज के तरीके के बिल्कुल विपरीत है।

सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि इतिहास मनमोहन सिंह को ‘‘एक मृदु, सौम्य लेकिन सबसे महत्वपूर्ण प्रधानमंत्रियों में से एक’’ के रूप में याद करेगा। सोनिया गांधी ने एक अखबार में छपे अपने लेख में कहा कि मनमोहन सिंह के खिलाफ लॉबी काफी सुनियोजित और संगठित थी। इसमें नौकरशाही से लेकर मीडिया, नागरिक समाज और न्यायपालिका के लोग शामिल थे।


