
राची :उत्तराखंड के चमोली में सुरंग हादसे ने अब तक 7 मजदूरों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मरने वालों में झारखंड के 2 मजदूर भी शामिल हैं। वहीं, रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद 21 मजदूरों को सुरंग से बाहर निकाला गया है। हादसा टीएचडीसी द्वारा निर्माणाधीन विष्णुगढ़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की सुरंग में गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ। अचानक भू-धंसाव होने से सुरंग का एक हिस्सा मलबे से भर गया और कई मजदूर अंदर फंस गए। इसके बाद राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। सुरंग में बड़ी मात्रा में मलबा आने की वजह से रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद रातभर अभियान चलाकर 21 मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया।
14 मजदूर अस्पताल में भर्ती
राज्य आपातकालीन सेवा के ड्यूटी ऑफिसर अनिल काला के मुताबिक अब तक कुल 21 मजदूरों को रेस्क्यू किया जा चुका है। इनमें से 7 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि 14 मजदूरों का इलाज उत्तराखंड के गोपेश्वर जिला अस्पताल में चल रहा है।
सीएम सोरेन ने धामी से की बात
हादसे की जानकारी मिलते ही झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीती रात उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की और पूरे मामले की जानकारी ली। झारखंड सरकार की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पूरे हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सुरंग में फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है।

