
रांची: JPSC की प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी के मामले में CID ने अपनी जांच तेज कर दी है। छात्रों के आंदोलन के बीच CID की टीम ने मामले में वांछित 7 आरोपियों की गिरफ्तारी और कोर्ट से जारी वारंट के तामिले को लेकर राज्य के कई जिलों में छापेमारी की है।
CID के मुताबिक, जिन लोगों की तलाश की जा रही है, उनमें आदित्य पांडेय, पवन कुमार सिंह, रविशंकर कुमार, संतोष कुमार सिंह, सानन्द प्रकाश, लालू कुमार यादव और सौरभ कुमार पांडेय शामिल हैं। इनका संबंध रांची, पलामू, बोकारो, हजारीबाग और गिरिडीह से बताया गया है।
OMR की कार्बन कॉपी की भी जांच
मामले की जांच के दौरान CID को मिली OMR कार्बन कॉपी की भी जांच शुरू कर दी गई है। टीम इन कॉपियों का मिलान और स्क्रूटनी कर रही है। जांच एजेंसी का कहना है कि इससे मामले से जुड़े सबूतों को जुटाने में मदद मिलेगी।
CID की टीम आरोपियों की तलाश के साथ-साथ मामले से जुड़े दस्तावेज और दूसरे साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अलग-अलग जिलों में छापेमारी का सिलसिला जारी है।
अधिकारियों के मुताबिक, जांच में जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल CID पूरे मामले की जांच में जुटी है।

