रांची रेल मंडल में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, DRM करुणा निधि सिंह ने गिनाईं मंडल की उपलब्धियां

रांची रेल मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया, DRM करुणा निधि सिंह ने उपलब्धियां गिनाईं और सुरक्षा, यात्री सुविधाओं, समयपालन व स्टेशन विकास पर प्रकाश डाला।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: दक्षिण पूर्व रेलवे के रांची रेल मंडल कार्यालय प्रांगण में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर डीआरएम करुणा निधि सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड का निरीक्षण किया और स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

समारोह में सर्वो की उपाध्यक्ष अजीता रानी, अपर मंडल रेल प्रबंधक हेमराज मीना सहित सभी वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

डीआरएम ने कहा कि भारतीय रेल देश की जीवन-रेखा होने के साथ-साथ आर्थिक विकास और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी की मजबूत आधारशिला है। रांची मंडल झारखंड की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संपदा और सांस्कृतिक विविधता को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ते हुए यात्री सुविधाओं और सुरक्षित रेल परिचालन के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने जनवरी से जुलाई 2026 तक मंडल की प्रमुख उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से रांची मंडल को महाप्रबंधक स्तर की 9 प्रतिष्ठित दक्षता शील्डें प्राप्त हुई हैं। इनमें बेस्ट केप्ट स्टेशन रांची, हेल्थकेयर, सिक्योरिटी, पंक्च्युलिटी और इलेक्ट्रिकल सर्विसेज शील्ड प्रमुख हैं।

इसके अलावा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पिस्का और मुरी रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास कर उद्घाटन किया गया।

यात्री सुविधाओं के विस्तार पर प्रकाश डालते हुए DRM ने बताया कि अयोध्या, लखनऊ और दक्षिण भारत के लिए नई ट्रेनों जैसे आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस, धनबाद-पोट्टनूर एक्सप्रेस और तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस का परिचालन शुरू किया गया है।

साथ ही हटिया-दुर्ग और भुवनेश्वर-धनबाद स्पेशल ट्रेनों को नियमित किया गया है। परिचालन में समय पालनता का स्तर सुधरकर 92.54% तक पहुंच गया है, जबकि जुलाई 2026 में 95.78% समयपालनता के साथ रांची मंडल पूरे भारतीय रेल में दूसरे स्थान पर रहा।

सुरक्षा और संरक्षा के मोर्चे पर मंडल ने 40 समपार फाटकों पर जागरूकता अभियान चलाया, 46 किमी से अधिक रेल व स्लीपर का नवीनीकरण किया और 592 क्रू सदस्यों को ‘कवच’ प्रणाली का प्रशिक्षण दिया।

यात्रियों की सुविधा के लिए टांगरबांसली, नामकुम और सिल्ली समेत सात स्टेशनों पर नए फुट ओवर ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में हटिया मंडल अस्पताल की क्षमता बढ़ाकर 60 बेड की गई है और नई चिकित्सा पद्धतियों को शामिल किया गया है।

आरपीएफ की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल ने 6,000 से अधिक ट्रेनों की एस्कॉर्टिंग की, अनधिकृत यात्रा से करीब ₹3 करोड़ का जुर्माना वसूला और 229 बच्चों को सुरक्षित बचाकर 21 नाबालिगों को मानव तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया।

खेल के क्षेत्र में सेरसा रांची की महिला हॉकी खिलाड़ियों सलीमा टेटे, निक्की प्रधान, संगीता कुमारी और दीपिका सोरेंग के भारतीय टीम में चयन को मंडल के लिए गौरव बताया।

समारोह के अंत में सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्काउट एंड गाइड का नृत्य प्रस्तुत किया गया तथा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत प्रतियोगिताओं के विजेताओं और उत्कृष्ट योगदान देने वाले विभागों को पुरस्कृत किया गया।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।