

रांची : नक्सलियों और अपराधियों के खिलाफ अभियानों में बहादुरी और उत्कृष्ट कार्य करने वाले झारखंड पुलिस के 37 पुलिसकर्मियों को प्रोन्नति दी गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के तहत इनमें 12 दारोगाओं को इंस्पेक्टर बनाया गया है। इसके अलावा एएसआई, हवलदार और आरक्षी स्तर के कर्मियों को भी पदोन्नति का लाभ मिला है। डीजीपी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के बाद पुलिस महानिरीक्षक (मानवाधिकार) की ओर से प्रोन्नति आदेश जारी किया गया। इंस्पेक्टर पद पर प्रोन्नति पाने वाले दारोगाओं में सुशील टुडू, प्रभात रंजन राय, फागू होरो, रामेश्वर भगत, सत्येंद्र कुमार सिंह, अर्जुन कुमार सिंह, शैलेंद्र कुमार सिंह, कुंदन कुमार, रौशन कुमार सिंह, विक्रांत कुमार, सदानंद सिंह और विश्वजीत कुमार सिंह शामिल हैं। इन पुलिसकर्मियों ने नक्सलियों और संगठित अपराधियों के खिलाफ विभिन्न अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी बहादुरी और बेहतर कार्य को देखते हुए उन्हें प्रोन्नति प्रदान की गई है।





प्रोन्नति आदेश के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रोन्नत पद पर वरीयता का लाभ बहादुरी से जुड़ी घटना की तारीख से मिलेगा। हालांकि, बढ़े हुए वेतनमान का आर्थिक लाभ प्रोन्नत पद पर योगदान देने की तिथि से ही मिलेगा। वहीं, गुमला, सिमडेगा, खूंटी, हजारीबाग और रांची में तैनात कई हवलदारों और आरक्षियों को भी क्रमशः एएसआई और हवलदार के पद पर प्रोन्नति दी गई है। कुछ पुलिसकर्मियों को बैकडेट से प्रोन्नति और वरीयता का लाभ भी प्रदान किया गया है।
