

रांची: सावन की तीसरी सोमवारी पर रांची का प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे से गूंज उठा। पवित्र सावन मास के इस अवसर पर सुबह से ही बाबा भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पहाड़ी मंदिर के साथ-साथ शहर के विभिन्न शिवालयों में भी भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। श्रद्धालु हाथों में गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा और पूजा सामग्री लेकर भगवान शिव की आराधना में लीन दिखे। पहाड़ी मंदिर समिति और प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष और व्यवस्थित इंतजाम किए गए हैं।





अरघा सिस्टम से किया जलाभिषेक
सुचारु जलाभिषेक के लिए मंदिर परिसर में अरघा सिस्टम लागू किया गया है, जिससे भक्त बिना किसी परेशानी और भीड़-भाड़ के जल अर्पित कर पा रहे हैं। इसके अलावा मंदिर समिति की ओर से भक्तों के लिए दूध, जल और बेलपत्र नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंदिर की सीढ़ियों की मरम्मत कराने के साथ-साथ आने-जाने के लिए नए मार्ग बनाए गए हैं। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार तय किए गए हैं। रांची नगर निगम द्वारा मंदिर के आसपास से अतिक्रमण हटाने से क्षेत्र काफी खुला और व्यवस्थित नजर आ रहा है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और बड़ी संख्या में पुलिस बल, दंडाधिकारी व स्वयंसेवक तैनात हैं। सुबह की पूजा के बाद मंदिर के पट आम जनता के लिए खोल दिए गए। श्रद्धालुओं और पुजारियों ने प्रशासन द्वारा की गई इन बेहतर व्यवस्थाओं की काफी सराहना की।
