

रांची: धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में झारखंड विधानसभा के एक कर्मी के कूदकर आत्महत्या करने की आशंका है। मृतक की पहचान बुलंद अख्तर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। तलाशी के दौरान डैम के किनारे से पुलिस को एक गाड़ी, चप्पल और बरसाती मिली। बरामद सामानों के आधार पर मृतक की पहचान की गई।





जानकारी के अनुसार बुलंद अख्तर बुधवार को घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान धुर्वा डैम के किनारे उनकी गाड़ी और अन्य सामान मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने सामान को कब्जे में लेकर जांच की, जिसके बाद उनकी पहचान बुलंद अख्तर के रूप में हुई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव बरामद होने और पोस्टमार्टम के बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी।
NDRF चलाएगी रेस्क्यू ऑपरेशन
पुलिस ने शव की तलाश कर उसे डैम से बाहर निकालने के लिए NDRF को सूचना दी है। टीम के पहुंचने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, बुलंद अख्तर ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
