भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा पहुंचे रांची, जानें क्या कहा झारखंड सरकार के बारे में

भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा रांची पहुंचे। उन्होंने संगठन मजबूती और विकसित भारत का संकल्प दोहराया, साथ ही हेमंत सरकार पर परीक्षा धांधली को लेकर निशाना साधा।

Razi Ahmad
5 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय मंत्री व राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा को नया दायित्व मिलने के बाद पहली बार रांची आगमन पर कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।

अपने इस भव्य स्वागत पर डॉ. वर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पार्टी के हर निष्ठावान कार्यकर्ता की मेहनत का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मंत्री के तौर पर उनकी मुख्य प्राथमिकता संगठन को धरातल पर अधिक मजबूत और सक्रिय बनाना होगी, ताकि विकसित भारत के सपने को साकार किया जा सके।

मीडिया से बातचीत करते हुए डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है, वह उनके लिए अत्यंत सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी का विषय है।

उन्होंने इस दायित्व के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं और करोड़ों कार्यकर्ताओं के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय मंत्री के रूप में उनकी प्राथमिकता संगठन को और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं व्यापक बनाना होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी की विचारधारा, संगठन की मजबूती और राष्ट्रसेवा के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि मुझे जो जिम्मेदारी मिली है, उसे पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाऊंगा। संगठन को और अधिक मजबूत एवं व्यापक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हर संभव प्रयास करूंगा।

मीडिया से रूबरू होते हुए डॉ. प्रदीप वर्मा ने राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली और छात्रों के विरोध प्रदर्शन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जन दबाव के कारण सरकार ने परीक्षा रद्द तो कर दी, लेकिन निष्पक्षता के लिए सीबीआई जांच कराने से कतरा रही है।

उन्होंने कहा कि अगर सरकार की नीयत साफ है, तो वह केंद्रीय जांच एजेंसी से जांच कराने से पीछे क्यों हट रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होने देगी और न्याय के लिए सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रखेगी।

उन्होंने कहा कि जब राज्य के छात्र और युवा लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं, तब सरकार को जांच से पीछे हटने के बजाय पारदर्शिता के साथ पूरे मामले की सच्चाई सामने लानी चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि अगर सरकार पूरे मामले में साफ है तो फिर सीबीआई जांच से डर क्यों रही है? निष्पक्ष जांच होने दीजिए, दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ भाजपा बर्दाश्त नहीं करेगी। छात्रों और युवाओं के साथ भाजपा मजबूती से खड़ी है तथा उनके न्याय, पारदर्शिता और निष्पक्ष व्यवस्था की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेगी। युवाओं को अपने भविष्य को लेकर सरकार से जवाब मांगने का पूरा अधिकार है। सरकार का दायित्व है कि वह उनकी शंकाओं का समाधान करे और किसी भी परीक्षा में अनियमितता की शिकायत सामने आने पर निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करे।

मौके पर मुख्य रूप से मेयर रोशनी खलको , डिप्टी मेयर नीरज कुमार,प्रदेश मंत्री अमित सिंह,ग्रामीण जिला अध्यक्ष धीरज महतो,नगर अध्यक्ष,वरुण साहू , पूर्व विधायक राम कुमार पाहन, मीडिया सह प्रभारी अजय राय, प्रदेश प्रवक्ता आरती कुजूर,के.के गुप्ता, सुबोध सिंह गुड्डू,युवा मोर्चा अध्यक्ष शंशाक राज,जेलेंद्र कुमार, शशिभूषण भगत,ललित ओझा,अमित चरण समेत अन्य मौजूद रहे।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।