Jharkhand Weather: झारखंड में बदलेगा मौसम, 4 दिनों में 5 डिग्री तक गिरेगा पारा

News Aroma Desk
2 Min Read
Jharkhand Weather News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jharkhand Weather: राजधानी रांची समेत झारखंड के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रविवार को रांची में धूप खिली रही, लेकिन आसपास के इलाकों में बादलों की आवाजाही के साथ रुक-रुककर बूंदाबांदी हुई। सुबह शहर के कई क्षेत्रों में हल्का कोहरा भी देखने को मिला। बारिश के बाद मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले चार दिनों में रांची के न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है।

रांची में सबसे अधिक 4.1 MM बारिश दर्ज

मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद के अनुसार, रविवार को रांची में कुल 4.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य के प्रमुख शहरों की तुलना में यहां सबसे अधिक वर्षा हुई। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री अधिक रहा।

आज भी बारिश और बादलों की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को झारखंड के अलग-अलग हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। रांची में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। मौसम में नमी के कारण ठंड का एहसास भी बढ़ सकता है।

25-26 नवंबर तक 12 डिग्री पहुंचेगा पारा

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 23 नवंबर को रांची का न्यूनतम तापमान 15 डिग्री, 24 नवंबर को 13 डिग्री और 25-26 नवंबर को गिरकर 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी चार दिनों में तापमान करीब 5 डिग्री तक गिरने के आसार हैं।

24 नवंबर से आसमान रहेगा साफ

24 नवंबर से आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है। 25 से 28 नवंबर तक सुबह कोहरा या कुहासा छाने के बाद दिन में धूप निकल सकती है। अधिकतम तापमान 24-25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। ऐसे में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी।

 

Share This Article