मथुरा में बहुमंजिला इमारत की शटरिंग गिर जाने से तीन मजदूरों की दबकर मौत, कई अन्य घायल

मथुरा के वृंदावन में निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की शटरिंग गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है।

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मथुरा (उप्र): मथुरा जिले के वृंदावन के रुक्मणि विहार क्षेत्र में शुक्रवार सुबह निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत की शटरिंग गिर जाने से तीन मजदूरों की मृत्यु हो गई तथा कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, वृन्दावन कोतवाली क्षेत्र में रुक्मणि विहार में ओमेक्स मॉल के नाम से बन रही एक बहुमंजिला इमारत में सुबह सात बजे चौथी मंजिल का लिंटर डालते समय शटरिंग गिर जाने से कई मजदूर उसके नीचे दब गए। पुलिस व बचाव दल के सदस्य राहत कार्य में जुटे हुए हैं।
उन्होंने बताया कि वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया। पुलिस व दमकल विभाग ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से घायलों को मलबे में से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से नेपाल निवासी मजदूर शिवराम (42) की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन दोनों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के त्वरित प्रतिक्रिया दल के प्रभारी डॉ. भूदेव प्रसाद ने बताया कि दोनों अज्ञात मजदूरों की आयु भी लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच है। उनके अलावा वृन्दावन के सौ शैया चिकित्सालय में लाए गए पश्चिम बंगाल निवासी दिलदार सिंह (40) की स्थिति बेहद नाजुक देखते हुए उसे आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया है। अन्य कई मजदूरों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है।
मृतक शिवराम की रिश्तेदार मनीषा ने बताया कि शिवराम छह अगस्त को वृन्दावन पहुंचे तथा सात अगस्त से काम कर रहे थे। ‘‘तीन साल से निर्माणाधीन मॉल के मालिक दिन-रात लगातार काम करवा रहे थे। रात की शिफ्ट खत्म होने से पहले ही सुबह यह हादसा हो गया। हमें न्याय चाहिए।’’
मॉल के प्रबंधक आरके जैन ने बताया कि उस साइट पर चार दर्जन से अधिक मजदूर व कारीगर काम कर रहे थे, परंतु रात में कुछ ही काम पर आए थे। उन्होंने कहा कि छत पर कंक्रीट डालते समय छज्जे की शटरिंग गिरने से यह हादसा हो गया। ‘‘हम पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर यह हादसा कैसे हुआ।’’
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने बताया कि इस हादसे में अभी तक तीन मजदूरों की मौत होने की पुष्टि हुई है। एक नेपाल का है और दो अन्य पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। गंभीर रूप से घायल एक अन्य मजदूर भी पश्चिम बंगाल से है।
उन्होंने बताया कि दमकल विभाग ने घटनास्थल पर पूरी तरह से छानबीन कर ली है और अब कोई अन्य मजदूर वहां दबा हुआ नहीं है।
घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मृत मजदूरों में से एक नेपाल मूल का बताया जा रहा है।

Share This Article