शहर में चला अतिक्रमण मुक्त अभियान, नियम उल्लंघन पर ₹1.14 लाख का जुर्माना

Archana Ekka
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची नगर निगम द्वारा शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से अतिक्रमण के साथ नियम उल्लंघन के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 21 अगस्त को निगम की इंफोर्समेंट टीम द्वारा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में सघन अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान कचहरी चौक से रातू रोड चौक तथा परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक से शहीद चौक तक अतिक्रमण हटाया गया। वहीं, परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक के समीप सदर अस्पताल की बाउंड्री वॉल से सटे दो जर्जर भवनों को हटाकर सार्वजनिक स्थान एवं पार्किंग क्षेत्र को सुगम बनाया गया। इसके अतिरिक्त नियमों के उल्लंघन पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कुल ₹1 लाख 14 हजार का जुर्माना लगाया गया।
दो प्रमुख मार्गों को कराया गया अतिक्रमण मुक्त

अतिक्रमण मुक्त अभियान के तहत कचहरी चौक से रातू रोड चौक के बीच सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जे तथा अवैध दुकानों को हटाया गया। वहीं अल्बर्ट एक्का चौक से शहीद चौक तक फुटपाथ पर अवैध रूप से कब्जा किए वेंडर्स को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान दो ठेला, टेबल, अवैध विज्ञापन सामग्री एवं अन्य सामान जब्त किए गए। संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।

दो जर्जर भवन हटाए गए

अल्बर्ट एक्का चौक के समीप सदर अस्पताल की बाउंड्री वॉल से सटे दो जर्जर भवनों को भी हटाया गया। इससे क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान एवं पार्किंग के लिए अतिरिक्त जगह उपलब्ध हुई तथा पैदल यात्रियों के आवागमन को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी। मैपल प्लाजा अशोक नगर मार्ग एवं सैनिक मार्केट मेन रोड क्षेत्र में विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर कुल ₹1,14,000 का जुर्माना लगाया गया।

– मैपल प्लाजा में दुकान के पास डस्टबिन नहीं रखने पर ₹2,000 का चालान।
– मैपल प्लाजा भवन द्वारा सड़क पर कचरा फेंकने पर ₹5,000 का चालान।
– ACS Burger Shop, Maple Plaza में डस्टबिन नहीं पाए जाने पर ₹2,000 का चालान।
– मैपल प्लाजा द्वारा गिफ्ट डीड भूमि पर जेनरेटर रखकर अतिक्रमण करने पर ₹5,000 का जुर्माना।
– RU Motors, सैनिक मार्केट, मेन रोड पर अवैध विज्ञापन अधिष्ठापन के लिए ₹25,000 का जुर्माना।
– Pro Custom Car, सैनिक मार्केट, मेन रोड पर अवैध होर्डिंग अधिष्ठापन के लिए ₹25,000 का जुर्माना।
– Prime Motor, सैनिक मार्केट पर अवैध विज्ञापन अधिष्ठापन के लिए ₹25,000 का जुर्माना।
– 360 Car Bazar, सैनिक मार्केट पर अवैध विज्ञापन अधिष्ठापन के लिए ₹25,000 का जुर्माना।

सेल्फ एडवरटाइजमेंट के लिए अनुज्ञप्ति अनिवार्य

मौके पर सहायक नगर आयुक्त ने बताया कि Self Advertisement के लिए https://rmchams.com/ पोर्टल पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करें एवं आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर वैध विज्ञापन अनुज्ञप्ति प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध अनुज्ञप्ति के विज्ञापन अधिष्ठापित करना नियमों का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।