

रांची : शिवा फाउंडेशन की ओर से आयोजित पावन सावन मास की चौथी एवं अंतिम सोमवारी के अवसर पर राजधानी के प्रतिष्ठित मोराबादी स्थित श्री श्री 1008 यज्ञ बाबा आश्रम (आम्रकुंज, दुर्गा मंदिर परिसर) में भव्य ‘शिव महोत्सव’ का ऐतिहासिक एवं गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। संस्था द्वारा की गई सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच शाम ढलते ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा और संपूर्ण परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘ओम नमः शिवाय’ तथा ‘जय बाबा भोलेनाथ’ के गूंजायमान जयकारों से भक्तिमय हो उठा।





सावन के अंतिम सोमवार पर महिलाओं ने सुख-समृद्धि एवं परिवार की दीर्घायु के लिए विशेष व्रत रखा। सैकड़ों की संख्या में माताएं व बहनें अपने-अपने घरों से पूजा की सजी थालियाँ और प्रज्वलित दीपक लेकर पहुंचीं। एक साथ जब सैकड़ों दीपों से भव्य महाआरती शुरू हुई, तो पूरा आश्रम परिसर दिव्य प्रकाशपुंज से जगमगा उठा।
विशेष पूजा-अर्चना के उपरांत ताजे प्राकृतिक पुष्पों, बेलपत्र, भांग, भस्म एवं सुवासित द्रव्यों से बाबा भोलेनाथ का ऐसा नयनाभिराम व अलौकिक श्रृंगार किया गया कि दर्शन करने वाले भक्त निहाल हो उठे। इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर हर श्रद्धालु भावविभोर हो गया।
धार्मिक अनुष्ठान की संपूर्ण विधि-विधान से पूजा-अर्चना यज्ञ बाबा आश्रम के पूज्य महंत श्री भरत दास जी महाराज के पावन सानिध्य एवं आशीर्वाद से मुख्य पुजारी विकास पांडे द्वारा संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिवा फाउंडेशन के संरक्षक व समर्पित ट्रस्टी दीपक बंका एवं दीपा बंका की अति गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने बाबा भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त क्षेत्रवासियों की सुख, शांति व समृद्धि की कामना की। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर के प्रमुख समाजसेवी राजू पोद्दार, ‘रिलेशंस’ के निदेशक आशुतोष द्विवेदी तथा अमित कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे और अनुष्ठान में भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सुनील कुमार, राजीव कुमार कुमार, शेखर सुमन, अजीत कुमार, अभिषेक कुमार, गोविंद यादव, रंजीत गुप्ता, चंदन पांडे, श्याम पांडे एवं अंजलि पांडे सहित कई प्रतिष्ठित समाजसेवियों ने पूरी निष्ठा से व्यवस्था संभाली।
महाआरती के पश्चात हज़ारों श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
