Ranchi: रांची के हरमू हाउसिंग कॉलोनी में एक फ्लैट में घुसकर महिला के साथ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर अरगोड़ा थाना पुलिस ने ज्ञान गौरव और सौरव सुमन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
शिकायत के मुताबिक, दोनों आरोपी कडरू पुल के पास स्थित फ्लैट नंबर 299 में घुस गए और महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। महिला ने जब इसका विरोध किया, तो आरोप है कि दोनों ने उनके साथ मारपीट की और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि अगर उन्हें उस जमीन पर रहना है, तो पैसे देने होंगे।
महिला की चीख-पुकार सुनकर राम प्रजापति और अन्य लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना में महिला के दाहिने कंधे पर गंभीर चोट आई और उनके कपड़े भी फट गए।
फिलहाल, अरगोड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


