

रांची: झारखंड में विभिन्न पाठ्यक्रमों के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (JCECEB) द्वारा कृषि, बीएससी नर्सिंग और स्टेट मेडिकल काउंसिल के तहत विभिन्न पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए प्रथम राउंड की ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू कर दी गई है। कृषि व अन्य समकक्ष पाठ्यक्रमों के लिए 29 अगस्त तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया चलेगी, जिसके बाद 1 से 9 सितंबर तक प्रोविजनल सीट आवंटन पत्र जारी किया जाएगा। संबंधित संस्थानों में 2 से 9 सितंबर के बीच डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और नामांकन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यदि अभ्यर्थी निर्धारित समय तक नामांकन नहीं लेते हैं, तो उनका औपबंधिक सीट आवंटन स्वतः रद्द हो जाएगा।





दूसरी ओर बीएससी नर्सिंग (बेसिक व पोस्ट-बेसिक) प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी करने के साथ ही तीन राउंड में होने वाली काउंसलिंग का शेड्यूल भी घोषित कर दिया गया है। पहले चरण के लिए 28 से 30 अगस्त तक रजिस्ट्रेशन और चॉइस फिलिंग होगी, जिसमें 28 से 30 अगस्त के बीच संशोधन का मौका भी मिलेगा। इसके बाद 3 सितंबर को प्रोविजनल सीट आवंटन पत्र जारी होगा और 4 से 9 सितंबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के साथ नामांकन लिया जाएगा।
बीएससी नर्सिंग के दूसरे राउंड की ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 11 सितंबर से शुरू होगी। इसके तहत 10 से 13 सितंबर तक चॉइस फिलिंग, 15 से 18 सितंबर तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और नामांकन होगा। वहीं, तीसरे राउंड की काउंसलिंग 21 सितंबर से शुरू होगी, जिसमें 22 से 24 सितंबर तक रजिस्ट्रेशन व चॉइस फिलिंग होगी और 25 सितंबर को प्रोविजनल सीट आवंटन पत्र जारी किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में स्टेट कोटा की सीटों के आवंटन के लिए भी प्रक्रिया तेज हो गई है। नीट यूजी के सफल अभ्यर्थियों के लिए स्टेट मेरिट लिस्ट के आधार पर सीट आवंटन की सूची जल्द जारी की जाएगी, जिससे राज्य के मेडिकल कॉलेजों में दाखिले की राह आसान होगी।
