

रांची: रांची के सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक बेहतर और सुचारू बनाने की दिशा में प्रयास तेज कर दिए गए हैं। शनिवार को झारखंड सरकार के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव दिनेश यादव ने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान संयुक्त सचिव ने अस्पताल में चल रहे टेली आईसीयू, टेली ईसीजी, टेली मानस, टेली मेडिसिन और रेडियोलॉजी समेत सभी महत्वपूर्ण विभागों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने विभागवार उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, वहां तैनात मानव संसाधन, चिकित्सीय उपकरणों की स्थिति और सेवाओं के दैनिक संचालन की गहन समीक्षा की। नोडल अधिकारियों से सीधे संवाद करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि आम मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सेवाओं में सुधार के लिए समय-सीमा तय करते हुए दिनेश यादव ने सभी विभागों के नोडल पदाधिकारियों को 30 सितंबर तक अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित सभी जरूरी कार्यों और व्यवस्था को अपडेट करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि निर्धारित तिथि के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि स्वास्थ्य सेवाओं का सुचारू संचालन बिना किसी बाधा के जारी रह सके। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से कार्यों की समीक्षा करें और किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या सामने आने पर उसका त्वरित समाधान निकालें।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन रांची डॉ. अमरेंद्र प्रसाद, उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह, राज्य स्तर की प्रतिनिधि जोसली जॉन, ललित लता और शातना कुमारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह और अस्पताल प्रबंधक शाहनवाज सहित कई स्वास्थ्यकर्मी और नोडल अधिकारी मौजूद रहे।





