JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज के विरोध में 6 सितंबर को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में आजसू पार्टी करेगी पुतला दहन

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में आजसू पार्टी 6 सितंबर को झारखंड के सभी जिला मुख्यालयों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन और पुतला दहन करेगी।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : JPSC और JSSC अभ्यर्थी मंच के शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान अभ्यर्थियों के साथ कथित मारपीट एवं कार्यक्रम को बाधित किए जाने की घटना के विरोध में आजसू पार्टी ने आंदोलन का निर्णय लिया है।

इसी क्रम में आजसू पार्टी रांची जिला अध्यक्ष श्री संजय कुमार महतो एवं कार्यकारी रांची जिलाध्यक्ष हकीम अंसारी ने शनिवार को रांची उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर आवेदन सौंपा और शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मांगी।

आवेदन में कहा गया है कि JPSC एवं JSSC अभ्यर्थी मंच द्वारा अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा था।

इसी दौरान एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं द्वारा अभ्यर्थियों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट करने तथा कार्यक्रम को बाधित करने का आरोप है। इस घटना में कई छात्र-युवाओं के घायल होने की सूचना सामने आई है।

आजसू पार्टी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखने वाले छात्र-युवाओं के लोकतांत्रिक विरोध को दबाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं चिंताजनक है। छात्रों को अपनी मांगों एवं समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से रखने का संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकार प्राप्त है। किसी भी प्रकार की हिंसा अथवा दमन लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए उचित नहीं है।

आजसू पार्टी ने कहा कि अभ्यर्थियों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के विरोध में पार्टी राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित करेगी।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।