

रांची: रिम्स में शनिवार को स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और जन-जागरूकता से जुड़ी दो प्रमुख गतिविधियां संचालित की गईं। राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के तहत क्षेत्रीय नेत्र संस्थान (RIO) में पोस्टर पेंटिंग और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य समाज में नेत्रदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।





इस प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के साथ-साथ मेडिकल और पैरामेडिकल के करीब 40 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। बेहतर प्रदर्शन के आधार पर सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस बरियातू की श्रेया कुमारी को प्रथम, एमएमके हाई स्कूल की जशमनी कुमारी को द्वितीय तथा सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस की साक्षी कुमारी एवं आयुषी झा को संयुक्त रूप से तृतीय पुरस्कार मिला।

RIO के विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. सुनील कुमार, डॉ. राहुल प्रसाद और डॉ. दीपक लकड़ा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया और प्रमाण-पत्र बांटे। इस मौके पर डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि नेत्रदान किसी के जीवन में रोशनी लाने का संकल्प है और इसमें युवाओं की भूमिका बेहद अहम है।
इसी क्रम में रिम्स के निदेशक प्रो. (डॉ.) डी. के. सिन्हा ने संस्थान के यूरोलॉजी एवं नेफ्रोलॉजी विभागों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीज सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था और चिकित्सकीय सेवाओं का जायजा लिया।
निदेशक ने विभागों में साफ-सफाई को दुरुस्त रखने और मरीजों के आवागमन को आसान बनाने के लिए पर्याप्त ट्रॉली व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, विभागों में कार्यरत नए कंसलटेंट्स के लिए सर्वसुविधायुक्त कक्ष उपलब्ध कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
निदेशक ने विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए टीम को गुणवत्तापूर्ण और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की हिदायत दी।
