बरियातू में शराब पार्टी के दौरान चली गोली, युवक गंभीर रूप से घायल

रांची के बरियातू मंडा बगीचा में शराब पार्टी के दौरान विवाद के बाद फायरिंग हुई, पेट में गोली लगने से टोनी लोहरा गंभीर रूप से घायल हुआ, पुलिस जांच जारी है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: राजधानी रांची के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित मंडा बगीचा में रविवार देर रात करीब 1 से 2 बजे के बीच शराब पार्टी के दौरान हुई फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान कमड़े (रातू) निवासी टोनी लोहरा के रूप में हुई है, जिसके पेट में गोली लगी है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि मंडा बगीचा में रविवार देर रात कई युवक शराब पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते काफी बढ़ गई। विवाद के बीच ही अचानक गोली चल गई, जो सीधे टोनी लोहरा के पेट में जा लगी। फायरिंग होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद अन्य युवक फरार हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल टोनी को तत्काल रिम्स के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और सदर डीएसपी संजीव कुमार समेत पुलिस जांच में जुट गई। शुरुआती पूछताछ में घायल युवक और उसके दोस्तों ने बताया कि विवाद के दौरान गोली तो चली, लेकिन अंधेरे व हड़बड़ी के कारण उन्हें यह पता नहीं चल पाया कि गोली किसने और किस दिशा से चलाई। इस वजह से आरोपी की पहचान करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। फिलहाल पुलिस वहां मौजूद लोगों से पूछताछ करने के साथ-साथ यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब पार्टी में कौन-कौन शामिल थे और विवाद किस वजह से शुरू हुआ था।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।