हीमोफीलिया पीड़ित बच्चे की लापरवाही के कारण चली गई जान, स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखकर जांच की लगाई गुहार

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : गोड्डा जिला अस्पताल में जीवनरक्षक दवाओं की भारी किल्लत और प्रशासनिक लापरवाही के कारण हीमोफीलिया से पीड़ित एक मासूम बच्चे की जान चली गई। हीमोफीलिया सोसाइटी (रांची चैप्टर) ने झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को पत्र लिखकर इस मामले में कड़ी कार्रवाई और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

पत्र के अनुसार गोड्डा जिला अस्पताल में पिछले कई महीनों से हीमोफीलिया की अति आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं (Factor VIII mimic Emicizumab 30mg/60mg, Factor VIII 500IU/1000IU और Factor IX 600IU) उपलब्ध नहीं हैं। दवाओं के अभाव में गोड्डा निवासी एमडी हुहनेन नाम के बच्चे के मस्तिष्क में गंभीर रक्तस्राव हो गया। उसे अति गंभीर अवस्था में न्यूरो सर्जरी विभाग रिम्स रांची में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर 2 बजे इलाज में लापरवाही और जिला अस्पताल प्रशासन व रिम्स के चिकित्सकों की अनदेखी के चलते उसकी मौत हो गई।

सोसाइटी ने आरोप लगाया है कि गोड्डा के जिला कार्यक्रम प्रबंधक और सिविल सर्जन की लापरवाही के कारण एक गरीब का इकलौता बेटा काल के गाल में समा गया। पत्र में दावा किया गया है कि किसी एक औषधि निर्माता कंपनी को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और सिविल सर्जन को गुमराह किया जा रहा है। इसके साथ ही डीपीएम गोड्डा पर नियमों के विरुद्ध जाकर कम सेल्फ-लाइफ वाली (न्यूनतम 3 माह एक्सपायरी बची) दवाओं की खरीदारी करने का भी गंभीर आरोप लगाया गया है।

सोसाइटी ने स्वास्थ्य मंत्री से मांग की है कि दवाओं की एक्सपायरी और खरीद प्रक्रिया की निष्पक्ष जांच कराई जाए और न्यूनतम 3 महीने की एक्सपायरी बची दवाओं के वितरण पर रोक लगाई जाए। इसके अलावा भारत सरकार के नियमानुसार सभी हीमोफीलिया रोगियों का ‘सिकल सेल पोर्टल’ पर पंजीकरण कराकर उन्हें UID प्रदान करने तथा डे-केयर सेंटर में दिव्यांग हीमोफीलिया मरीजों को धमकाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ RPWD Act 2016 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई करने का आग्रह किया गया है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।