

रांची : राजधानी रांची समेत झारखंड के कई जिलों में मंगलवार सुबह से ही बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में 6 सितंबर तक बारिश से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। कई इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट और चार जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही पूरे राज्य में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।





7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 1 सितंबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी, मध्य और दक्षिणी हिस्सों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
रांची समेत 4 जिलों में येलो अलर्ट
1 सितंबर को रांची समेत चार जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। आईएमडी ने रांची, खूंटी, चतरा और सरायकेला-खरसावां के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों से मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की अपील की है।
पूरे झारखंड में वज्रपात का खतरा
मौसम विभाग ने 1 सितंबर को पूरे झारखंड में कहीं-कहीं गरज के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इसे देखते हुए पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहेंगे। कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन भी हो सकता है।
2 सितंबर को भी बारिश से राहत नहीं
2 सितंबर को भी झारखंड के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दिन भी पूरे राज्य में कहीं-कहीं गरज और वज्रपात की संभावना रहेगी। तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
3 सितंबर को भी येलो अलर्ट
3 सितंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं गरज, वज्रपात और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इसे देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 4 से 6 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आने का अनुमान है। इस दौरान झारखंड में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ या कहीं-कहीं स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन होने की संभावना बनी रहेगी।
शुरुआती दो दिनों में 2-3 डिग्री तक गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक, शुरुआती दो दिनों में झारखंड के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है।राजधानी रांची में 1 सितंबर को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
