रांची: रांची नगर निगम ने मानकों का उल्लंघन करने वाले 5 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया है और 18 अन्य संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई प्रस्तावित है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और भवन संबंधी मानकों की जांच के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सख्त कदम उठाया गया है।
निगम की टीम ने शहर के हरिओम टावर में संचालित ‘द पाठशाला’, ‘पतंजलि आईएएस एकेडमी’, ‘मोशन एकेडमी’, ‘क्लैट प्रिपरेशन’ और ‘चैतन्या आईएएस एकेडमी’ को नियमों का पालन न करने पर सील कर दिया।
जांच के दौरान इन संस्थानों में फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास, पर्याप्त वेंटिलेशन और स्थान की भारी कमी जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
इसके अलावा, ये संस्थान बिना वैध ट्रेड लाइसेंस के संचालित हो रहे थे जो झारखंड नगरपालिका अधिनियम, 2011 का सीधा उल्लंघन है।
निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में दिए गए तीन दिनों के नोटिस के बावजूद नियमों में सुधार न किए जाने पर यह कार्रवाई की गई। नगर निगम का स्पष्ट कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और यह जांच व सीलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


