

इंफाल: मणिपुर के जिरीबाम जिले में एक व्यक्ति के कब्जे से लगभग 80 करोड़ रुपये मूल्य की 10.891 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है। असम राइफल्स ने बृहस्पतिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान के अनुसार एक गुप्त सूचना के आधार पर असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जिरीबाम पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को जेटी रोड इलाके की माखा बस्ती में तलाश अभियान चलाया और इस दौरान व्यक्ति के पास से 10.891 किलोग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।





बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार व्यक्ति और जब्त मादक पदार्थ को कानूनी कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सौंप दिया गया है। मणिपुर में तीन साल पहले जातीय हिंसा शुरू होने के बाद से सुरक्षा बल लगातार तलाश अभियान संचालित कर रहे हैं। मई 2023 से मेइती और कुकी-जो समुदायों के बीच जारी जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग बेघर हुए हैं।
