रोहित शर्मा शानदार खेल रहे हैं इससे ज्यादा आप क्या चाहते हैं: सैकिया

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने रोहित शर्मा के भविष्य पर अटकलों को खारिज किया, शानदार प्रदर्शन की तारीफ की और अजित अगरकर के कार्यकाल पर चर्चा से इनकार किया।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: तीन सितंबर (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया रोहित शर्मा के भविष्य को लेकर अटकलों को कोई ‘मसाला’ नहीं देना चाहते और उनका कहना है कि पूर्व भारतीय कप्तान ‘शानदार’ प्रदर्शन कर रहे हैं।

सैकिया ने बृहस्पतिवार को भारत के लिए केवल एकदिवसीय प्रारूप में खेलने वाले रोहित के भविष्य को लेकर चल रही अटकलों पर सवाल उठाया।

सैकिया ने यहां बीसीसीआई की समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह सभी मैच में शानदार खेल रहे हैं। तो आप और क्या चाहते हैं? पिछले मैच (इंग्लैंड के खिलाफ) में उन्होंने 138 रन बनाए थे, फिर अटकलें क्यों लगाई जा रही हैं? इसलिए मैं अटकलें लगाने वालों को कोई मसाला नहीं देना चाहता।’’

सैकिया ने कहा कि मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के कार्यकाल के विस्तार को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। अगरकर समीक्षा बैठक में मौजूद नहीं थे। बैठक में टेस्ट और एकदिवसीय कप्तान शुभमन गिल, टी20 अंतरराष्ट्रीय कप्तान श्रेयस अय्यर, मुख्य कोच गौतम गंभीर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में क्रिकेट निदेशक वीवीएस लक्ष्मण शामिल हुए।

अगरकर की अनुपस्थिति के बारे में सैकिया ने कहा, ‘‘आज वह शहर से बाहर थे। वह बैठक का हिस्सा नहीं बन सके क्योंकि यह बैठक बहुत कम समय के नोटिस पर बुलाई गई थी। हमारी चयन समिति के प्रमुख अजीत शहर में नहीं थे इसलिए वह इसमें शामिल नहीं हो सके। वह ऐसी जगह पर थे जहां हमारी पूरी कोशिश के बावजूद ऑनलाइन भी बैठक में शामिल नहीं हो सके।’’

अगरकर के मुख्य चयनकर्ता के तौर पर कार्यकाल विस्तार को लेकर कोई चर्चा हुई थी, इस सवाल पर सैकिया ने कहा, ‘‘आज की बैठक में ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई।’’

सैकिया ने लक्ष्मण की बीसीसीआई के क्रिकेट निदेशक के रूप में नियुक्ति को लेकर चल रही अफवाहों को भी खारिज कर दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं नई अफवाहों पर टिप्पणी नहीं करता। हमने इस तरह की कोई चर्चा नहीं की और ना ही हमारा ऐसा कोई इरादा है।’’

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।