शिक्षक दिवस: मुख्यमंत्री सतीशन ने आईआईएम-के में ‘छात्र’ के रूप में अनुभव साझा किए

शिक्षक दिवस पर केरल के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन और 20 सदस्यीय मंत्रिमंडल ने आईआईएम कोझिकोड में छात्र बनकर नेतृत्व प्रशिक्षण लिया और शासन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोझिकोड: केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर भारतीय प्रबंधन संस्थान कोझिकोड (आईआईएम-के) में दो दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपने 20 सदस्यों वाले मंत्रिमंडल के साथ कक्षा में शामिल होने का अनुभव साझा किया। सतीशन ने फेसबुक पर एक वीडियो संदेश में बताया कि उन्होंने और उनके मंत्रिमंडल के 20 सदस्यों ने शुक्रवार और शनिवार को ‘रीइमैजिनिंग केरलम’ विषय के तहत आयोजित दो दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आईआईएम-के में छात्रों की तरह कक्षाओं में हिस्सा लिया।

उन्होंने कहा, ‘‘आज शिक्षक दिवस है। कई वर्षों बाद मैं और मंत्रिमंडल के सदस्य कल और आज आईआईएम-के में छात्रों के रूप में कक्षा में बैठे।’’
मुख्यमंत्री ने बताया कि दुनिया के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञों ने अलग-अलग विषयों पर सत्र आयोजित किए और अपने ज्ञान, अनुभव तथा वैश्विक दृष्टिकोण साझा किया। सतीशन ने कहा, ‘‘सच में हम छात्र बन गए।’’ उन्होंने कहा कि इन सत्रों से मंत्रिमंडल को सोच-समझकर फ़ैसले लेने और नीतियों को असरदार ढंग से लागू करने के बारे में अहम जानकारी मिली।

सतीशन के अनुसार, कार्यक्रम में शासन व्यवस्था से जुड़े कई पहलुओं पर चर्चा हुई, जिसमें राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करना, उच्च शिक्षा में सुधार और जलवायु परिवर्तन के दौर में प्रभावी आपदा प्रबंधन मॉडल विकसित करना शामिल था। उन्होंने मंत्रिमंडल के सदस्यों को पढ़ाने वाले शिक्षकों के प्रति आभार जताया और दुनियाभर के शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। आईआईएम-के, के निदेशक प्रोफेसर देबाशीष चटर्जी और संस्थान के शिक्षकों ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की थी। संस्थान ने एक बयान में कहा कि इस नेतृत्व प्रशिक्षण कार्यक्रम में केरलम के राजनीतिक नेतृत्व, संस्थान के शिक्षकों और अंतरराष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों को एक मंच पर लाया गया, जहां राज्य के भविष्य को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर चर्चा की गई।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।