मंत्री सुदिव्य कुमार के निधन पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने जताया शोक

झारखंड के मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर, विभिन्न दलों के नेताओं ने जताया दुख।

4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: झारखंड के मंत्री सुदिव्य कुमार के रविवार तड़के हृदयाघात से निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया।
कुमार (56) को शनिवार देर रात ढ़ाई बजे उनके गृह जिले गिरिडीह के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था और चिकित्सकों ने रविवार तड़के करीब चार बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेता एवं विधायक सुदिव्य कुमार के पास उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, नगर विकास, पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा खेल एवं युवा कार्य जैसे महत्वपूर्ण विभाग थे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने कुमार के निधन को बेहद दुखद बताया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने पवित्र चरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार एवं उनके समर्थकों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!’’
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कुमार के असामयिक निधन पर कहा कि वह ‘‘गहरे सदमे और दुख’’ में हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मरांग बुरू दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दें। अंतिम जोहार!’’
राज्य की मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कुमार के निधन को अपना व्यक्तिगत नुकसान बताया।
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘आज की सुबह बेहद दुखद खबर के साथ हुई। हमारे सहयोगी और मंत्री, भाई सुदिव्य सोनू हमारे बीच नहीं रहे। मैं इस खबर पर विश्वास नहीं कर पा रही हूं। उनका अचानक चले जाना मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।’’
स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कुमार उनके लिए भाई जैसे थे।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे प्रिय भाई और सहयोगी का निधन हो गया। इस खबर से मैं बेहद दुखी और स्तब्ध हूं। उन्होंने इलाज के दौरान बहादुरी से संघर्ष किया लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। वह मेरे लिए भाई जैसे थे और हमें कैबिनेट मंत्री के रूप में उनके साथ काम करने का सौभाग्य मिला। उनका असामयिक निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।’’
कांग्रेस की झारखंड इकाई के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि लोगों की आवाज उठाने के लिए कुमार की ‘‘समर्पण, सक्रियता और प्रतिबद्धता’’ को हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड सरकार के मंत्री और गिरिडीह के लोकप्रिय विधायक सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन की खबर स्तब्ध करने वाली और बेहद पीड़ादायक है। उनके निधन से झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में जो क्षति हुई है, उसकी निकट भविष्य में भरपाई संभव नहीं है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘एक युवा और मेहनती जनप्रतिनिधि के रूप में उन्होंने अपने क्षेत्र और राज्य के विकास के लिए लगातार प्रतिबद्धता दिखाई। जब भी गठबंधन की बात होती थी, वह मतभेदों के बावजूद किसी निष्कर्ष तक पहुंचने के पक्ष में रहते थे।’’
भाजपा के प्रदेश महासचिव अमर कुमार बाउरी ने भी कुमार के निधन पर दुख व्यक्त किया और उनके परिवार एवं समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

 

Share This Article
Avantika Raj Choudhary एक अनुभवी और बहुआयामी पत्रकार हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन वर्षों का समृद्ध अनुभव प्राप्त है। इस दौरान उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग, स्क्रिप्ट राइटिंग और वेबसाइट संचालन जैसे मीडिया के विभिन्न महत्वपूर्ण क्षेत्रों में अपनी मजबूत पहचान बनाई है। खबरों की गहरी समझ, प्रभावशाली प्रस्तुति और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को संवेदनशीलता के साथ सामने लाने की उनकी क्षमता उन्हें एक सशक्त मीडिया प्रोफेशनल बनाती है। अपने करियर के दौरान Avantika ने Jharkhand Live, The Fourth Pillar, 22 Scope और Khabar Mantra जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य किया है, जहाँ उन्होंने अपनी पेशेवर दक्षता, मेहनत और रचनात्मकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। एंकर के रूप में उनकी प्रभावशाली संवाद शैली, रिपोर्टर के रूप में जमीनी हकीकत को सामने लाने की क्षमता, और स्क्रिप्ट राइटर के रूप में सटीक एवं आकर्षक लेखन ने उन्हें मीडिया जगत में एक अलग पहचान दिलाई है। डिजिटल और ग्राउंड मीडिया दोनों प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करने का अनुभव रखने वाली Avantika Raj Choudhary पत्रकारिता के बदलते स्वरूप के साथ खुद को निरंतर अपडेट करती रही हैं। उनकी कार्यशैली में निष्पक्षता, समर्पण और दर्शकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाने का उद्देश्य स्पष्ट रूप से झलकता है। मीडिया इंडस्ट्री में उनका यह अनुभव और कौशल उन्हें भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियों की ओर अग्रसर करता है.