कोलकाता: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तृणमूल कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य नदीमुल हक द्वारा प्रचारित एक उर्दू दैनिक अखबार के खिलाफ जांच के सिलसिले में सोमवार को कोलकाता, दिल्ली और रांची में कई ठिकानों पर छापे मारे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हक उस कंपनी के निदेशक हैं, जो ‘अखबार-ए-मशरिक’ नामक उर्दू दैनिक समाचार पत्र का प्रकाशन करती है। आरोप है कि इस उर्दू दैनिक अखबार और इसके प्रबंधन द्वारा कथित तौर पर सांप्रदायिक वैमनस्य (communal disharmony) बढ़ाने वाली सामग्री का प्रकाशन व प्रसार किया गया। इसके अलावा, संदिग्ध स्रोतों से अवैध फंड के लेन-देन और बेहिसाब कैश डीलिंग के वित्तीय आरोप भी इस मामले में शामिल हैं। ED की कोलकाता जोनल ऑफिस की टीमों ने केंद्रीय सुरक्षा बलों और स्थानीय पुलिस के समन्वय के साथ सांसद नदीमुल हक के आवास, ‘अखबार-ए-मशरीक प्राइवेट लिमिटेड’ के दफ्तर और उनसे जुड़े अन्य ठिकानों पर एक साथ रेड की। कोलकाता के पार्क सर्कस इलाके में स्थित अखबार के दफ्तर पर भी सुरक्षा घेरा बनाकर जांच की जा रही है।



