कोलकाता: पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में दो गुटों के बीच आपस में हुई झड़प में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एक कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को आपस में भिड़े दोनों गुटों को खदेड़ना पड़ा।

उन्होंने बताया कि यह घटना शुक्रवार देर रात टीटागढ़ पुलिस थाना के पास ‘ममता मेडिकल हॉल’ के निकट घटी, जहां स्थानीय भाजपा मंडल द्वारा आयोजित ‘विजय सम्मिलनी’ कार्यक्रम के बाद दो गुट आपस में भिड़ गए।
एक गुट के आरोपों के अनुसार, कार्यक्रम समाप्त होने के कुछ ही देर बाद दूसरे गुट के सदस्यों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई, जिससे इलाके में तनाव बढ़ गया।
अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों गुटों को तितर-बितर कर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल की।
झड़प में घायल हुए भाजपा कार्यकर्ता की पहचान करण सेठ के रूप में हुई है।
भाजपा सूत्रों ने बताया कि करण सेठ को पहले बैरकपुर के बी एन बोस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें कमरहाटी के सागर दत्ता अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।


