दिल्ली: मंगोलपुरी की जूता फैक्टरी में आग लगने से चार लोगों की मौत, दो घायल; दो लोग गिरफ्तार

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मंगोलपुरी में जूता बनाने वाली फैक्टरी में भीषण आग लगने से 4 मजदूरों की मौत हो गई और 2 घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 2 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नयी दिल्ली: उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र के फेज-एक में शुक्रवार रात जूता बनाने वाली एक फैक्टरी में भीषण आग लगने से चार श्रमिकों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने इस घटना के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के मुताबिक, औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फैक्टरी में रात करीब साढ़े नौ बजे आग लगी, जिसके बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।

अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल की 31 गाड़ियों को लगाया गया और कई घंटे की मशक्कत के बाद शनिवार सुबह करीब छह बजे आग पर काबू पाया जा सका।

दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग जूता बनाने वाली इकाई के भूमिगत तल में लगी थी।

अधिकारियों के अनुसार, इमारत में एक तहखाना, भूतल और तीन ऊपरी मंजिलें थीं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा चौथी मंजिल पर निर्माण कार्य आंशिक रूप से पूरा हुआ था।

बचाव अभियान के दौरान एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल से सुरक्षित निकाला गया, जबकि पांच अन्य लोग चौथी मंजिल के एक कमरे में फंसे हुए मिले।

पुलिस ने बताया कि सभी छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया और मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां चार लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। उसने बताया कि दो अन्य का इलाज जारी है।

मृतकों की पहचान बिहार के नालंदा जिले के मूल निवासी अशोक (25), मंगोलपुरी निवासी हरिहर (40), लाल बाबू (38) और प्रेम चंद (50) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि राज पार्क थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

पुलिस के अनुसार, मामले के सिलसिले में सुरेश चंद और अशोक (47) नाम के दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है।

पुलिस ने बताया कि फरार अन्य आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार करने के लिए कई टीम गठित की गई हैं और जांच जारी है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।