गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को गुवाहाटी हवाई अड्डे से अगरवुड के तेल और चिप्स के निर्यात की अनुमति देने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे किसानों को लाभ होगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकारें कारोबारी सुगमता बढ़ाने और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए सभी कदम उठा रही हैं।

शर्मा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, ”यह असम के कृषि उद्यमियों के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन है! आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा गुवाहाटी हवाई अड्डे को अगरवुड चिप्स और अगरवुड तेल के लिए निर्यात केंद्र के रूप में अधिसूचित किए जाने से हमारे किसानों की लाभप्रदता बढ़ेगी और लॉजिस्टिक संबंधी आवश्यकताएं आसान होंगी।”
उन्होंने कहा कि चूंकि असम इन दोनों का प्रमुख उत्पादक है, जिनकी वैश्विक बाजार में बहुत अधिक मांग है, इसलिए गुवाहाटी हवाई अड्डे को निर्यात केंद्र बनाना इस उद्योग से जुड़े लाखों लोगों के लिए एक बड़ी राहत है।
उन्होंने केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने ”हमारे अनुरोध पर विचार किया और इस फैसले को साकार किया।”
अगरवुड एक दुर्लभ और अत्यधिक महंगी सुगंधित लकड़ी है जो कुछ एशियाई सदाबहार पेड़ों के अंदर बनती है।


