रांची: जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति एवं योजनाओं के संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली आठ जल सहियाओं को रांची के नेपाल हाउस में सम्मानित किया गया।पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के सचिव अबु इमरान ने उत्कृष्ट योगदान देने वाली बोकारो की पांच और रांची की तीन जल सहियाओं को विशेष प्रशस्ति-पत्र, स्मृति चिन्ह और अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान जल सहिया दीदियों ने अपने अनुभवों को साझा किया। जिस पर सचिव ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए राज्य की अन्य जल सहियाओं को भी इसी तरह समर्पण से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।सम्मानित जल सहियाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में जल एवं स्वच्छता समितियों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर जलापूर्ति योजनाओं के रख-रखाव में अहम भूमिका निभाई है। इन्होंने जलापूर्ति की समस्याओं की त्वरित सूचना देने, जल की गुणवत्ता जांचने, जल संरक्षण और पानी के विवेकपूर्ण उपयोग के लिए ग्रामीण समुदाय को जागरूक किया है। इसके अलावा, ये जल सहियाएं ग्रामीण परिवारों को उपयोगकर्ता शुल्क देने के प्रति प्रेरित कर रही हैं, जिससे मिलने वाली राशि का उपयोग पंप ऑपरेटरों व प्लंबरों के वेतन तथा जलापूर्ति योजनाओं के आवश्यक रख-रखाव में किया जा रहा है। जल जीवन मिशन के तहत यह सम्मान जल सहियाओं की जमीनी चुनौतियों और योगदान को मान्यता देने के साथ-साथ अन्य पंचायतों को भी सतत पेयजल सेवा बनाए रखने के लिए प्रेरित करेगा।



