


पालघर: महाराष्ट्र के पालघर जिले में पुलिस ने एक कंपनी के प्रतिनिधियों के खिलाफ निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा देकर 22 लोगों से 1.85 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने पीड़ितों को अपनी कंपनी के जरिए किए गए निवेश पर प्रति माह पांच प्रतिशत के निश्चित मुनाफे का लालच दिया था।





पालघर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) यतीश देशमुख ने बुधवार को बताया कि निवेशकों से पैसे लेने के बाद कंपनी ने उन्हें न तो वादे के अनुसार मुनाफा दिया और न ही मूल राशि लौटाई। उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं ने अब तक ऐसे 22 पीड़ितों की पहचान की है, जिनके साथ कुल 1,85,90,644 रुपये की ठगी की गई है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और इसकी जांच पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी गई है। अधिकारी ने कहा कि इस मामले में और भी पीड़ित हो सकते हैं और उन्होंने ऐसे लोगों से पुलिस से संपर्क करने की अपील की है।
