विवेकानंद ने शिकागो भाषण के जरिए पश्चिमी जगत को ‘सनातन धर्म’ के उदात्त सार से परिचित कराया: हिमंता

हिमंता बिस्वा सरमा ने स्वामी विवेकानंद के शिकागो भाषण को याद किया और कहा कि उनका शांति, साहस, सद्भाव तथा सहिष्णुता का संदेश आज भी प्रेरणा देता है।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गुवाहाटी: असम के मुख्यमंत्री हिमंता विश्व शर्मा ने शुक्रवार को कहा कि स्वामी विवेकानंद ने 1893 में आज ही के दिन शिकागो में दिए अपने ऐतिहासिक भाषण के जरिए पश्चिमी दुनिया को ‘सनातन धर्म’ के उदात्त सार से परिचित कराया था। शर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का शांति, साहस एवं सद्भाव का प्रभावशाली संदेश आज भी लोगों का मार्गदर्शन करता है और उन्हें प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘1893 में आज ही के दिन स्वामी विवेकानंद ने शिकागो में विश्व धर्म संसद में अपना ऐतिहासिक भाषण दिया था। उनके शुरुआती शब्द ‘अमेरिका के बहनों और भाइयों’ ने पूरी दुनिया का ध्यान आकर्षित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘विवेकानंद के भावपूर्ण भाषण ने पश्चिमी दुनिया के सामने सनातन धर्म के उदात्त सार को प्रस्तुत किया और सार्वभौमिक सहिष्णुता एवं आपस में एक दूसरे को स्वीकारने का संदेश दिया।’’ शर्मा के अनुसार, स्वामी विवेकानंद ने भारत को केवल एक प्राचीन सभ्यता के रूप में नहीं, बल्कि मानवता के लिए एक आध्यात्मिक मार्गदर्शक के रूप में दुनिया के सामने प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब हम एक आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं तो ऐसे में विवेकानंद का शांति, साहस और सद्भाव का शक्तिशाली संदेश आज भी सभी का मार्गदर्शन करता है और प्रेरणा देता है।’’

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।